छत्तीसगढ़

रायगढ़ में शराब के नशे में बेटे ने डंडे से पीटकर कर दी मां की हत्या, फिर अपनी बेटी को भी कर दिया लहूलुहान


नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 चिकटवानी स्थित मुड़ाटिकरा मोहल्ले में शनिवार को उस वक्त मातम पसरा गया था, जब एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी मासूम नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई। इस वारदात में मृतिका के बेटे को पुलिस ने हिरासत में ली है।

वारदात: धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 (चिकटवानी, मुड़ाटिकरा मोहल्ला) में शनिवार दोपहर को एक शख्स ने मामूली कहासुनी के बाद डंडे से हमला कर अपनी बुजुर्ग मां की हत्या कर दी और बीच-बचाव करने आई अपनी ही 9 वर्षीय बेटी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पीड़ित: मृतिका की पहचान मिरीना लकड़ा (70 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उनकी गंभीर रूप से घायल नातिन अगस्तिना लकड़ा (9 वर्ष) को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वजह (आयुष्मान कार्ड का विवाद): आरोपी संदीप लकड़ा की बड़ी बेटी का इलाज रायगढ़ में चल रहा है। इलाज में सरकारी सुविधा का लाभ लेने के लिए संदीप घर पर आयुष्मान कार्ड लेने आया था। उसने शराब का सेवन कर रखा था और इसी दौरान मां से उसका विवाद हो गया।

बेटी पर भी हमला: मां पर हमला होते देख जब शोर सुनकर 9 साल की मासूम बेटी बाहर आई, तो तैश में आकर आरोपी ने उस पर भी डंडे से प्रहार कर दिया और मौके से फरार हो गया।

खोजी डॉग ‘रूबी’ ने चंद मिनटों में खोजा सुराग

हत्याकांड के बाद आरोपी को पकड़ने और साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने स्निफर डॉग (खोजी कुतिया) ‘रूबी’ को मौके पर बुलाया।

ट्रेक की लोकेशन: रूबी ने घटनास्थल का मुआयना किया और गंध लेकर सीधे गांव की बस्ती की ओर दौड़ लगा दी।

किराना दुकान पर रुकी: रूबी दौड़ते हुए बस्ती की ‘बादल किराना दुकान’ के पास जाकर रुक गई और अहम सुराग दिए।

यहीं से मिला क्लू: पूछताछ में पता चला कि मृतिका का आरोपी बेटा संदीप उस दुकान पर आया था और कुछ सामान लेकर वापस रायगढ़ भागने की फिराक में था। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।

थाना प्रभारी का आधिकारिक बयान

“इस प्रकरण में संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पत्रकार वार्ता (प्रेस कॉन्फ्रेंस) कर इस पूरे हत्याकांड की असल वजह का खुलासा किया जाएगा।”

– राजेश जांगड़े, थाना प्रभारी, धरमजयगढ़



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!