Uncategorized

सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति-व्यवस्था और सुरक्षा मजबूत करने के लिए पुलिस का संयुक्त अभियान

जशपुर में डीआईजी और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती जिलों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अंतरराज्यीय अपराधों और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों की धरपकड़ करना और अवैध तस्करी को रोकना था।

आगामी 15 नवंबर 2026 से छत्तीसगढ़ राज्य शासन द्वारा धान खरीदी प्रारंभ किए जाने के मद्देनजर, बैठक में अन्य प्रदेशों से बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान की तस्करी कर छत्तीसगढ़ में खपाए जाने की आशंका पर विशेष ध्यान दिया गया। इस पर प्रभावी रोकथाम के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त चेकपोस्ट स्थापित करने, धान परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच करने और संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही, अवैध रूप से धान लाकर खपाने वाले बिचौलियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

बैठक में गौ-तस्करी और अवैध खनिज परिवहन पर नियंत्रण के लिए भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा से जुड़े गौ-तस्करी के संभावित मार्गों को चिन्हांकित कर तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, सीमावर्ती राज्यों के रास्ते खनिज और अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों की अवैध तस्करी कर अन्य जिलों में परिवहन किए जाने की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के संबंध में भी रणनीति बनाई गई।

सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों के मध्य आपसी सामंजस्य, सहयोग और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के माध्यम से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों की धरपकड़, अवैध तस्करी की रोकथाम तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार त्वरित एवं संयुक्त कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया।

अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए भी रणनीति बनाई गई। सीमावर्ती क्षेत्रों में घटित विभिन्न प्रकार के अपराधों के मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर अपराधियों की पतासाजी, त्वरित गिरफ्तारी एवं प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान कर आवश्यकतानुसार संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि अंतरराज्यीय सीमाओं का लाभ उठाकर अपराध करने वाले व्यक्तियों एवं संगठित तस्करी में संलिप्त गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी सीमावर्ती जिलों की पुलिस आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करे। सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित चेकिंग, संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच, स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी तथा अवैध तस्करी से संबंधित सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा। जशपुर पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, अवैध तस्करी के मार्गों को अवरुद्ध करने तथा अंतरराज्यीय अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। जशपुर पुलिस का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों को अपराध एवं अवैध गतिविधियों से मुक्त बनाना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करना है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल, अपर कलेक्टर बलरामपुर अनिल कुमार सिदार, अपर कलेक्टर सरगुजा पी.व्ही. खेस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायगढ़ अनिल कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज विश्वदीपक त्रिपाठी, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, एसडीओपी कुनकुरी राजेश साहू, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. धुर्वेश कुमार जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक के.आर. चौहान, उप पुलिस अधीक्षक आशा तिर्की, उप पुलिस अधीक्षक भावेश कुमार समरथ, उप पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक गुमला अर्चना खलखो, उप पुलिस अधीक्षक सिमडेगा रणवीर सिंह, तहसीलदार सुंदरगढ़ शास्वत रंजन सहित थाना प्रभारी जारी निरीक्षक सन्नी कुजूर, थाना प्रभारी रायडीह संदीप कुमार यादव और थाना प्रभारी मुफ्फसिली (सिमडेगा) निरीक्षक विवेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!