पत्थलगांव हाई स्कूल मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह अव्यवस्थाओं की भेंट, जिम्मेदार कौन?

पत्थलगांव। जहां एक ओर पूरा देश आज़ादी के 77वें गणतंत्र दिवस को हर्षोल्लास और गौरव के साथ मना रहा है तथा जगह-जगह भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, वहीं जशपुर जिले के पत्थलगांव हाई स्कूल मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ता नजर आया।
समारोह में शामिल होने पहुंचे नागरिकों ने बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर कुर्सियों की संख्या बेहद कम थी, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोगों को खड़े होकर ही कार्यक्रम देखना पड़ा।
सबसे चिंताजनक स्थिति यह रही कि स्कूली बच्चों को भी लंबे समय तक धूप में खड़े रहकर कार्यक्रम देखने को मजबूर होना पड़ा। तेज धूप से बच्चों को बचाने के लिए शिक्षक बैंड सीट और अन्य साधनों से उन्हें ढकते नजर आए, जिससे अव्यवस्था की तस्वीर और भी स्पष्ट हो गई।
इतना ही नहीं, कार्यक्रम स्थल पर पत्रकार दीर्घा की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण देश के चौथे स्तंभ के प्रतिनिधियों को भी खड़े होकर ही पूरे समारोह को कवर करना पड़ा। यह स्थिति उस समय देखने को मिली, जब समारोह में क्षेत्रीय विधायक गोमती साय सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे व्यवस्थापकों की उदासीनता और लापरवाही के चलते यह अव्यवस्था उत्पन्न हुई। निर्धारित समारोह स्थल पर पर्याप्त इंतज़ाम न होने के कारण कई लोगों को कार्यक्रम क्षेत्र के बाहर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा।
गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह की अनियमितता और अव्यवस्था ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है?
और क्या प्रशासन इस मामले में जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई करेगा, या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा—यह देखना अभी बाकी है।








