Uncategorized

*पोड़ी उपरोड़ा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर फूंका पुतला, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी*

गोविंद अग्रवाल 

कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आह्वान पर गुरुवार को कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत गुरसिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व जनपद सदस्य लालपुर भोला गोस्वामी ने किया। इस दौरान जनपद सदस्य शिव भरोस गुरसिया, दुर्गेश डिक्सेना, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी पालीतानाखार, कांग्रेस जिला महामंत्री कोरबा गुरबहार टोप्पो सहित यशवंत, लाखन सिंह, अशोक मिश्रा, संतराम सारथी, राजू परमाल, अनिल श्रीवास, विनोद सोनी, हीरा सोनू सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “नरेंद्र मोदी हाय-हाय” जैसे नारे लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा से जुड़े कथित विवादों ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल पैदा किया है। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि छात्रों के भविष्य से जुड़े ऐसे गंभीर मामलों में पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों के हितों, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और पारदर्शिता को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!