Uncategorized

पटवारी से मारपीट मामले में भाजपा नेता जितेंद्र कुजूर एक साल के लिए जिलाबदर

सरगुजा में पटवारी कार्यालय में घुसकर पटवारी से मारपीट करने वाले भाजपा नेता को जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत ने एक साल के लिए जिलाबदर कर दिया है। आरोपित को सरगुजा सहित छह जिलों की सीमा में रहने पर प्रतिबंधित किया गया है। आरोपित को आदतन बदमाश बताया गया है।

जिलाबदर किया गया आरोपित जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू कुजूर ग्राम सोहगा दरिमा का रहने वाला है। वह फिटनेस ट्रेनर भी है और दरिमा मंडल में भाजपा का सक्रिय नेता है। आरोपित जितेंद्र कुजूर इंटरनेट मीडिया पर भी सक्रिय था। मारपीट की घटना के बाद भी अब तक भाजपा संगठन ने उसे पद से हटाने को लेकर कोई बयान या पत्र सार्वजनिक नहीं किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने आरोपित के विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत के न्यायालय में प्रस्तुत किया था। प्रतिवेदन के आधार पर आरोपित को नोटिस जारी कर सुनवाई का अवसर दिया गया। इसके बाद जिला दंडाधिकारी ने उसे एक वर्ष की अवधि के लिए सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, बलरामपुर और सूरजपुर जिले की सीमा से निष्कासित कर दिया है।

आरोपित ने 22 अप्रैल 2026 को कंठी पटवारी कार्यालय में घुसकर पटवारी प्रकाश मंडल और कंप्यूटर ऑपरेटर से मारपीट की थी। वह राजस्व निरीक्षक के संबंध में जानकारी लेने पहुंचा था। पटवारी ने कहा कि राजस्व निरीक्षक लंच के लिए गई हैं।

आरोपित ने फोन लगाने के लिए कहा तो पटवारी ने कहा कि दीवार पर नंबर लिखा है, आप खुद लगा लें, फोन नहीं उठाती हैं तो बात करा दूंगा। इसी बात से भड़के आरोपित ने पटवारी की पिटाई शुरू कर दी थी। बीच-बचाव करने आए ऑपरेटर को भी पीट दिया था।

बचने के लिए पटवारी बाहर निकले तो आरोपित ने बाहर भी लात और डंडे से पीटा था। पटवारी ने किसी तरह कमरे में घुसकर दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई थी। इस मामले में दरिमा पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया था। अब उसे आदतन बदमाश मानते हुए जिलाबदर की कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!