ऑपरेशन शंखनाद के तहत धरमजयगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

धरमजयगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बरसापाली जंगल के पास 14 चक्का ट्रक से 46 गौवंश बरामद किए हैं। अमानवीय तरीके से ले जाने के कारण 7 पशुओं की मौत…और पढ़ें

HighLights
- ट्रक में ठूंसकर भरने के कारण 7 मवेशियों की मौत, 39 सुरक्षित।
- पुलिस की घेराबंदी देख बरसापाली जंगल में वाहन छोड़कर भागे आरोपी।
- रेस्क्यू किए गए सभी 39 जीवित पशुओं के लिए चारा-पानी का इंतजाम।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़: गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 चक्का ट्रक से 46 गौवंश बरामद किए हैं। ट्रक में क्षमता से अधिक पशुओं को ठूंस-ठूंसकर बेहद अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था। पुलिस को 7 गोवंश मृत मिले, जबकि 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित निकालकर धरमजयगढ़ के कांजी हाउस में चारा-पानी की व्यवस्था के साथ रखवाया गया है। पुलिस की घेराबंदी का आभास होते ही तस्कर वाहन जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस को 11 अगस्त की रात करीब 1 बजे जंगल के रास्ते गोवंश को ले जाने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े ने तत्काल मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक के बरसापाली जंगल की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम को बरसापाली जंगल मार्ग पर घेराबंदी के लिए रवाना किया गया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वाहन में सवार लोग उसे वहीं छोड़कर अंधेरे में भाग निकले।
पुलिस ने तिरपाल से ढके लावारिस ट्रक क्रमांक सीजी 14 बी 0739 की तलाशी ली तो उसके भीतर 46 गोवंश मिले। पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था नहीं थी और उन्हें बेहद खराब परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था। इनमें सात पशु मृत पाए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा, प्रकाश गिरी गोस्वामी एवं हमराह स्टाफ ने तत्काल जीवित पशुओं को बाहर निकाला। 39 गौवंश को कांजी हाउस धरमजयगढ़ पहुंचाकर उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था कराई गई।
यह भी पढ़ें- रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर नशे में डूबे प्रेमी जोड़े का हाईवोल्टेज ड्रामा: सरेआम अश्लील हरकत का वीडियो वायरल
चालक समेत तस्करों पर केस
धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक एवं फरार पशु तस्करों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार पतासाजी कर रही है।




