छत्तीसगढ़

अंबिकापुर में मंदिर के पास चल रहा था ‘दारू कारखाना’, आबकारी के मास्टरस्ट्रोक से 480 किलो लाहन ढेर


स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा ने अंबिकापुर के पटपरिया में किराए के मकान में चल रहे अवैध महुआ शराब कारखाने पर छापेमारी की…और पढ़ें

Publish Date: Thu, 13 Aug 2026 01:34:44 PM (IST)Updated Date: Thu, 13 Aug 2026 01:34:44 PM (IST)

अंबिकापुर में मंदिर के पास चल रहा था 'दारू कारखाना', आबकारी के मास्टरस्ट्रोक से 480 किलो लाहन ढेर
अंबिकापुर में देशी महुआ शराब निर्माण की भट्ठी का भंडाफोड़

नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अवैध शराब पर नकेल कसने के लिए संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा ने कार्रवाई की है। टीम ने अंबिकापुर के पटपरिया स्थित संकटमोचन मंदिर के पास एक किराए के मकान में संचालित हो रही देशी महुआ शराब निर्माण की भट्ठी को पकड़कर 480 किलो महुआ लाहन और 70 लीटर महुआ शराब जब्त की। इस मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा के 15 अगस्त के पूर्व अवैध शराब निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री पर रोक लगाने के सख्त आदेशों के बाद संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में शहर में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पटपरिया में बाउंड्री वॉल के अंदर अर्जुन नामक युवक द्वारा महुआ शराब बनाने की भट्ठियां संचालित की जा रही हैं और भारी मात्रा में शराब बनाई जा रही है। सूचना की विश्वसनीयता पर टीम ने तत्काल दबिश दी।

480 किलो महुआ लाहन और 70 लीटर कच्ची शराब जब्त, आरोपित को जेल भेजा

naidunia_image

दबिश के दौरान आबकारी टीम ने जैसे ही घर की तलाशी शुरू की तो नजारा देखकर टीम भी चौंक गई। एक कमरे में आठ भट्ठियां चढ़ी हुई थीं जिनमें शराब निर्माण का काम चल रहा था। वहीं दूसरे कमरे में 24 प्लास्टिक के डिब्बों में महुआ लाहन रखा गया था। टीम ने मौके पर सभी भट्ठियों से शराब निकालकर माप किया। कुल 70 लीटर देशी महुआ शराब जब्त की गई। साथ ही 480 किलो महुआ लाहन बरामद कर मौके पर पंचनामा बनाकर नष्ट कर दिया गया।

शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण और बर्तन भी जब्त कर लिए गए।इस कार्रवाई में आरोपित अर्जुन कुजुर को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2), 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपित को न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर जेल दाखिल किया गया।सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 15 अगस्त से पहले महुआ शराब के खिलाफ यह कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब निर्माताओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!