बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनेगा, तब बढ़ेगी बारिश, अब तक प्रदेश में 29% कम वर्षा

Chatt ब्के कमजोर पड़ने से बारिश सामान्य से 29 प्रतिशत कम है। राहत की खबर यह है कि बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दाब क्षेत्र बन रहा है। इससे 15 जुलाई से…और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून बार-बार कमजोर पड़ने से बारिश का सिलसिला टूट रहा है। जुलाई के मध्य तक पहुंचने के बावजूद प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से 29 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी उल्लेखनीय बारिश नहीं हुई। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री, सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के बार-बार कमजोर पड़ने की सबसे बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में लगातार मजबूत निम्न दाब क्षेत्र (लो प्रेशर) नहीं बन पाना है। जब भी कोई सिस्टम सक्रिय होता है, कुछ दिन अच्छी बारिश होती है, लेकिन उसके कमजोर पड़ते ही मानसूनी गतिविधियां धीमी हो जाती हैं। अब उत्तरी बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में नया निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से 15 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
इस लिए अटक रहा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार छत्तीसगढ़ की बारिश मुख्य रूप से बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दाब क्षेत्रों पर निर्भर रहती है। इस बार मानसून ट्रफ कई बार उत्तर की ओर खिसक गई और खाड़ी में लगातार मजबूत सिस्टम विकसित नहीं हो सके। इसके कारण नमी की आपूर्ति कम हुई और बारिश रुक-रुककर होती रही। जैसे ही नया लो प्रेशर बनेगा, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी बढ़ेगी तथा मानसूनी हवाएं फिर सक्रिय होंगी।
आज से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने 15 जुलाई से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। रायपुर शहर में भी बुधवार को आंशिक मेघमय आकाश, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश का मौसम एक नजर में
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा।
मौसमी वर्षा सामान्य से 29% कम।
रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8°C, न्यूनतम 27.8°C।
सबसे अधिक तापमान 35.6°C बिलासपुर में दर्ज।
सबसे कम न्यूनतम तापमान 25°C राजनांदगांव और पेंड्रारोड में दर्ज।




