Us-iran Agreement:अराघची बोले- अमेरिका के साथ समझौता बेहद करीब; ट्रंप ने ईरानी विदेश मंत्री की पोस्ट शेयर की – Araghchi Says Us-iran Agreement Is Very Close; Trump Reposts Iranian Foreign Minister Message

अमेरिका और ईरान के बीच कई महीनों से जारी तनाव और संघर्ष के बाद अब शांति की उम्मीदें मजबूत होती नजर आ रही हैं। दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रूथ सोशल पर ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची की समझौते से जुड़ी पोस्ट को री-पोस्ट किया है।
अराघची ने दिया समझौते का संकेत
ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि “इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन कभी इतना करीब नहीं रहा।” उन्होंने कहा कि समझौते को अंतिम रूप दिए जाने तक मीडिया को इसकी शर्तों को लेकर अटकलें लगाने से बचना चाहिए। अराघची ने यह भी कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता और जिम्मेदारी की नीति का पालन करती है और उचित समय पर समझौते की सभी जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी। ट्रंप द्वारा इस पोस्ट को साझा किए जाने के बाद माना जा रहा है कि दोनों पक्ष किसी बड़े समझौते के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।

तीन दिन की झड़पों के बाद बढ़ी शांति की उम्मीद
हाल के दिनों में अमेरिका, ईरान और इस्राइल के बीच सैन्य तनाव ने पूरे पश्चिम एशिया को एक बार फिर बड़े युद्ध के मुहाने पर ला खड़ा किया था। हालांकि अप्रैल से लागू संघर्षविराम के बाद बातचीत का दौर जारी रहा और अब समझौते की संभावनाएं मजबूत होती दिखाई दे रही हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित समझौते में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करने, संवेदनशील परमाणु सामग्री को नष्ट करने और आतंकवादी संगठनों को वित्तीय सहायता नहीं देने जैसी शर्तें शामिल हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य खुलने की संभावना
क्षेत्रीय अधिकारियों का कहना है कि यह समझौता लागू होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से पूरी तरह खोला जा सकता है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके अलावा ईरान पर लगे कुछ आर्थिक प्रतिबंधों को चरणबद्ध तरीके से हटाने और विदेशों में जमे ईरानी संपत्तियों को वापस जारी करने पर भी सहमति बनने की खबर है।




