धधकती आग के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस बनी देवदूत… अकलतरा में लगी आग, कपड़ा दुकान में भड़कीं लपटें

नगर के अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया काम्प्लेक्स में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यहां संचालित कपड़ा दुकान नीर…और पढ़ें

HighLights
- अकलतरा के कपड़ा शो-रूम में अचानक लगी भीषण आग
- ऊपरी मंजिल में फंसे 5 परिवारों के 14 लोगों का रेस्क्यू
- पुलिस की गश्त दल ने तत्परता दिखा बचाई मासूमों की जान
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। नगर के अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया काम्प्लेक्स में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यहां संचालित कपड़ा दुकान नीरज कलेक्शन में अचानक भीषण आग लग गई। रात्रि गश्त कर रहे अकलतरा पुलिस दल की नजर समय रहते दुकान से उठती आग की लपटों और घने धुएं पर पड़ गई। पुलिस की तत्परता से प्रथम तल पर रह रहे पांच परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देख तुरंत मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को सतर्क किया। जांच के दौरान पता चला कि दुकान के ऊपर प्रथम तल पर पांच परिवार निवासरत हैं। आग के कारण नीचे आने वाली सीढ़ियां भी लपटों की चपेट में आ चुकी थीं, जिससे ऊपर फंसे लोगों के सामने बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। विद्युत विभाग से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था कराई गई और सीढ़ी के माध्यम से प्रथम तल पर फंसे सभी 14 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इनमें चार बच्चे, चार महिलाएं और दो पुरुष सहित कुल 14 सदस्य शामिल थे।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
लोगों को सुरक्षित निकालने के बाद पुलिस ने तत्काल अग्निशमन दल को सूचना दी। होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। पुलिस और अग्निशमन दल ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से भी रोक लिया गया।
गश्त दल की सतर्कता बनी जीवनरक्षक
रात के सन्नाटे में लगी आग का समय पर पता चलना और पुलिस द्वारा बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू करना पूरे घटनाक्रम में निर्णायक साबित हुआ। यदि आग का पता कुछ देर से चलता तो प्रथम तल पर मौजूद परिवारों के लिए स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद सुरक्षित निकाले गए परिवारों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए आभार जताया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
रेस्क्यू और अग्निशमन अभियान में निरीक्षक एवं थाना प्रभारी अकलतरा जय कुमार साहू, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर सहित थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने में अहम योगदान दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न केवल 14 लोगों की जान बचाई, बल्कि संभावित रूप से आग को आसपास फैलने से भी रोक दिया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 7,230 नए आवासों को मिली मंजूरी, तय समय में काम पूरा करने पर मिलेगा बोनस




