सूरजपुर में खोदाई के दौरान हादसा, पत्थर धंसने से दो युवक जिंदा दफन

सूरजपुर जिले के लांची गांव में सरकारी जमीन पर गिट्टी निकालने के दौरान पत्थर धंसने से दो युवकों की मौत हो गई।

HighLights
- ग्रामीणों ने मलबा हटाकर शव निकाले
- पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
- अवैध उत्खनन के पहलुओं की भी जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के लांची गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। सरकारी जमीन पर अवैध रूप से गिट्टी निकालने के लिए पत्थर की खोदाई कर रहे दो युवक अचानक पत्थर धंसने से मलबे में दब गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों के शव बाहर निकाले। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
गिट्टी निकालने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान लांची निवासी बाबू लाल (18), पिता धनेसवर सिंह गोड़ और जयपाल (18), पिता जय सिंह गोड़ के रूप में हुई है। दोनों युवक गांव की सरकारी जमीन पर पत्थर तोड़कर गिट्टी बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर मौजूद एक बड़ा पत्थर अचानक टूटकर धंस गया, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए और मलबे के नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने पहले ही किया था सावधान
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि खोदाई के दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां मिट्टी और पत्थरों का बड़ा हिस्सा धंसा हुआ मिला। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने कुछ समय पहले ही दोनों युवकों को वहां काम करते देखा था और खतरनाक स्थान पर खोदाई नहीं करने की सलाह भी दी थी। युवकों ने कहा था कि वे जल्द लौट जाएंगे, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद यह हादसा हो गया।
मलबा हटाकर निकाले शव
ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पत्थर तथा मिट्टी हटाकर दोनों युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि जब तक उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक बाबू लाल के भाई ज्वाला प्रसाद ने बताया कि उनके भाई के घर से निकलने की जानकारी परिवार को नहीं थी। वह स्वयं भोजन करने के बाद काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी गांव में सूचना मिली कि पत्थर धंसने से उनका भाई दब गया है। खबर मिलते ही परिवार घटनास्थल पहुंचा, जहां बाबू लाल की मौत की पुष्टि हुई।
अवैध खोदाई की होगी जांच
सूरजपुर तहसीलदार सूर्यकांत साय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक सुबह के समय पत्थर की खोदाई कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध खोदाई क्यों की जा रही थी और वहां खनन गतिविधियां चल रही थीं या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों के साथ-साथ अवैध उत्खनन में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



