Uncategorized

*पत्थलगांव में हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी प्राचार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम एवं टॉप-10 में स्थान बनाने पर विशेष जोर*

पत्थलगांव। विकासखंड पत्थलगांव के समस्त हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की सामूहिक समीक्षा बैठक जनपद पंचायत पत्थलगांव के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम पूर्णता की स्थिति, बोर्ड परीक्षा की तैयारी, कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं (एक्स्ट्रा क्लास) का संचालन तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों में सुधार के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही विद्यालयों में नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विषयवार परीक्षा परिणामों की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विकासखंड पत्थलगांव के विद्यार्थियों को राज्य की प्रावीण्य सूची (टॉप-10) में स्थान दिलाने के उद्देश्य से विशेष कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसके लिए मेधावी विद्यार्थियों की पहचान, उनकी नियमित मॉनिटरिंग, विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन तथा नियमित टेस्ट एवं अभ्यास परीक्षाओं के आयोजन को महत्वपूर्ण बताया गया।

इसके अतिरिक्त APAAR ID, MBU सहित विभिन्न शैक्षणिक पोर्टलों पर लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक प्रविष्टियों को समय-सीमा में पूर्ण करने की तैयारी पर चर्चा की गई।

विद्यालयों के निरीक्षण एवं शैक्षणिक मॉनिटरिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संकुल केंद्रों के अंतर्गत विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, प्राचार्यों की जिम्मेदारी तथा निरीक्षण के दौरान शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपलब्धि एवं विद्यालयीन गतिविधियों का मूल्यांकन करने पर भी विशेष चर्चा हुई।

बैठक में सभी प्राचार्यों ने अपने-अपने विद्यालयों की वर्तमान स्थिति एवं शैक्षणिक प्रगति की जानकारी साझा की तथा बेहतर परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विकासखंड पत्थलगांव में शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाई प्रदान करना, बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार करना तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना रहा। बैठक में सकारात्मक एवं परिणामोन्मुखी चर्चा के साथ आगामी शैक्षणिक कार्ययोजना को लेकर सहमति बनी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!