छत्तीसगढ़

बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह चौकीदार हत्याकांड का आरोपी पटना से गिरफ्तार, दो की तलाश अभी भी जारी


बिलासपुर के बाल संप्रेक्षण गृह में रात्रि चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे की हत्या के मामले में पुलिस ने पटना से आरोपी विशाल चौबे को गिरफ्तार कर लिया है।…और पढ़ें

Publish Date: Mon, 20 Jul 2026 11:42:11 AM (IST)Updated Date: Mon, 20 Jul 2026 11:42:11 AM (IST)

बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह चौकीदार हत्याकांड का आरोपी पटना से गिरफ्तार, दो की तलाश अभी भी जारी

HighLights

  1. बाल संप्रेक्षण गृह में हत्या का सनसनीखेज मामला
  2. बिहार तक पहुँची पुलिस के हाथ लगा आरोपी
  3. चौकीदार हत्याकांड में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर के नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सह रात्रि चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद फरार हुए चार आरोपियों में से एक विशाल चौबे को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस ने एक अन्य आरोपी दिनेश राठिया को प्रयागराज से हिरासत में लिया था। मामले में अब भी दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में पुलिस टीमों को रवाना किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार की जा रही निगरानी के आधार पर विशाल चौबे को पटना से पकड़ने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि फरार अन्य दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का पूरा पर्दाफाश किया जाएगा।

गौरतलब है कि 11 और 12 जुलाई की दरमियानी रात बाल संप्रेक्षण गृह में पदस्थ सहायक सह रात्रि चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक के स्वजन ने आरोप लगाया है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे के हाथ-पैर बांधकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई तथा मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, ताकि वे शोर न मचा सकें। स्वजन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को बाल संप्रेक्षण गृह में बंद चार बंदियों ने मिलकर अंजाम दिया। हत्या के बाद चारों मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद पूरे प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया था। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। साथ ही हत्या के पीछे की पूरी साजिश, वारदात की वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को भी जोड़ा जा रहा है। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!