
जशपुर : एक युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी रामजीत राम (उम्र 21 वर्ष) को कुनकुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जशपुर पुलिस से शुक्रवार की दोपहर 3 बजे मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023 में एक शादी कार्यक्रम के दौरान उसकी पहचान रामजीत से हुई थी। आरोपी ने प्रेम और शादी का वादा कर उसके साथ कई बार शारीरिक शोषण किया। 24 अप्रैल 2024 को एक शादी समारोह में सुनसान जगह ले जाकर पहली बार दुष्कर्म किया गया। गर्भवती होने पर जब पीड़िता ने शादी की बात कही तो आरोपी ने इनकार कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, (2), (n), के तहत केस दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश यादव, ए एस आई मनोज साहू, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता, भूपेन्द्र यादव और महिला आरक्षक कमला पैंकरा की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं व बच्चों से जुड़े अपराधों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है।




