Uncategorized

सरगुजा में सरपंच की करैत सांप के काटने से मौत, अंबिकापुर ले जाते समय तोड़ा दम

सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत बतौली की महिला सरपंच जगरमती पैकरा (48) की करैत सांप के काटने से मौत हो गई। वह गुरुवार को अपने घर पर मेहमानों के साथ खाना खाने के बाद जमीन पर सो रही थी। घर में मेहमान आने के कारण उन्होंने अपना पलंग मेहमानों को दे दिया था और खुद अपने पति विशुन पैकरा के साथ जमीन पर बिस्तर बिछाकर सोई थी।

देर रात करीब ढाई बजे जगरमती पैकरा बेचैन होकर उठी और उन्हें उल्टी होने लगी। परिजनों ने पेट की मरोड़ होने पर मालिश शुरू की, तो पेट में सांप काटने के निशान दिखे। इसके बाद परिजनों ने कमरे में तलाश की तो वहां करैत सांप दिखा। परिजनों ने करैत सांप को टब से ढंक दिया।

रात करीब 3 बजे उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचे। हॉस्पिटल में एंटी स्नैक वेनम देने के बाद उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर अंबिकापुर पहुंचे, जहां मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि जब तक परिजनों को सर्पदंश की जानकारी मिली, तब तक जहर फैल चुका था, इसके कारण महिला सरपंच को बचाया नहीं जा सका। अंबिकापुर में पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।

जगरमती पैकरा के तीन बच्चे हैं। दो बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।

सरगुजा में हर साल बारिश के मौसम में करैत सांप के काटने से दर्जनों मौतें होती हैं। करैत के काटने के दो से तीन घंटे के अंदर ही पीड़ित व्यक्ति की हालत बिगड़ जाती है और ज्यादातर मामलों में मौत हो सकती है।

सरगुजा सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी स्नैक वेनम का स्टॉक है। समय पर इलाज मिलने पर लोगों की जान बच जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!