*सेवानिवृत्त प्रधान पाठकों के भुगतान में देरी पर बड़ी कार्रवाई,DEO सरगुजा ने सीतापुर BEO संतोष सिंह का वेतन रोका,देखें रिपोर्ट।* *दर्जनों सेवानिवृत्त प्रधान पाठकों की शिकायत पर प्रशासन सख्त,आगामी आदेश तक वेतन रोकने का आदेश जारी।*

रोशन सोनी/ सरगुजा:- सीतापुर विकासखंड में सेवानिवृत्त प्रधान पाठकों के पेंशन एवं अन्य स्वत्वों के भुगतान में अनावश्यक विलंब किए जाने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आपको बता दें कि 07 सेवानिवृत्त प्रधान पाठकों की संयुक्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी सीतापुर संतोष कुमार सिंह का वेतन आगामी आदेश पर्यन्त तक तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश सरगुजा के जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने दिनांक 29/10/2026 को जारी किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,विकासखंड सीतापुर के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक भीम सिंह सहित अन्य छह कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से शिकायत प्रस्तुत कर डीईओ सरगुजा को बताया था कि अप्रैल,मई,जून एवं जुलाई 2026 में सेवानिवृत्त हुए प्रधान पाठकों को आज पर्यन्त पेंशन,अवकाश नकदीकरण,सामान्य भविष्य निधि (GPF) एवं समूह बीमा योजना (GIS) की राशि का भुगतान नहीं किया गया है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति देयकों के निराकरण में अनावश्यक विलंब किया जा रहा था। इतना ही नहीं,संबंधित पत्रावलियों पर हस्ताक्षर नहीं किए जाने के कारण प्रकरण लंबे समय से लंबित पड़े हुए थे।
इस स्थिति के चलते सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों के साथ-साथ मानसिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं शिकायत में इसे शासकीय कार्यों के प्रति घोर लापरवाही,अनुशासनहीनता एवं वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना भी बताया गया है।
वहीं इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए BEO को वेतन आगामी आदेश तक रोकने का निर्णय लिया गया है।
वहीं खबर प्रकाशन के अब देखना यह होगा कि लंबित भुगतान का निराकरण कब तक होता है और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनका वर्षों की सेवा के बाद मिलने वाला वैधानिक हक कब तक प्राप्त हो पाता है ये तो आने वाला समय ही बताएगा।




