राजनीति

बिलासपुर में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर: महंत बोले- कांग्रेस के सभी विधायक टाइगर, बघेल ने गृह विभाग पर उठाए सवाल

बिलासपुर में कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस में टूट-फूट के सवाल पर डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि भाजपा में टूट की स्थिति है। महंत ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक टाइगर हैं।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच तालमेल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को मंत्रियों के काम की जानकारी नहीं है और मंत्रियों को मुख्यमंत्री के काम का पता नहीं है।

महंत ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता और विधायक मिलकर पार्टी को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू की गई योजनाओं और दी गई गारंटियों को अब मोदी सरकार अपने नाम से गारंटी के रूप में पेश कर रही है। विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की भूमिका पर महंत ने कहा कि पार्टी के 35 विधायक महज संख्या नहीं हैं, बल्कि एक-एक टाइगर हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस विधायक जनता से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाएंगे।

स्मार्ट मीटर को लेकर नेता प्रतिपक्ष महंत ने कहा कि उपभोक्ताओं से चार से पांच गुना तक बढ़े बिजली बिल की शिकायतें मिल रही हैं। इसी के साथ उन्होंने स्मार्ट मीटर नहीं लगाने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस देने की कार्रवाई को भी गलत बताया।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांजगीर-चांपा में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत को लेकर सरकार के गृह विभाग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गृह विभाग की लापरवाही के कारण कस्टोडियल डेथ के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गृह मंत्री से कुछ नहीं संभल रहा है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के बयान पर भी तंज कसा।

भूपेश बघेल ने प्रदेश की सड़कों, नल-जल योजना और आवास योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल तीन से पांच गुना तक बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई, गैस और बढ़े बिजली बिल से आम जनता परेशान है।

बिलासपुर में गुरुवार को कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

भूपेश बघेल ने बताया कि इससे पहले प्रदेश के जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए थे। अब ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण चल रहा है। दुर्ग संभाग के बाद बिलासपुर संभाग में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसमें अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण के साथ सवाल-जवाब भी होंगे।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2028 की सियासी जंग भले करीब दो साल दूर है, लेकिन कांग्रेस ने अभी से चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। बिलासपुर में संभाग स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के जरिए पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!