रायपुर में दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर वसूले ₹25 हजार, दो युवतियों पर FIR दर्ज

राजधानी रायपुर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है।
_m.webp)
HighLights
- दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 25 हजार रुपये उगाही का आरोप
- युवक की शिकायत पर दो युवतियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज
- पुलिस कॉल डिटेल, चैट और सीसीटीवी सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर दो युवतियों के खिलाफ दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 25 हजार रुपये की उगाही करने और लगातार ब्लैकमेल करने के आरोप में अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फोन और मैसेज के माध्यम से संपर्क में रहीं
सिविल लाइन थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, शंकर नगर निवासी जयंत चौधरी की मई 2026 में गुढ़ियारी क्षेत्र में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से मुलाकात हुई थी। शिकायत में आरोप है कि दोनों युवतियों ने पहले नौकरी दिलाने और पार्लर खोलने के नाम पर आर्थिक मदद मांगी। इसके बाद वे लगातार फोन और मैसेज के माध्यम से संपर्क में रहीं और मिलने का दबाव बनाती रहीं।
परिवार व कार्यालय में बदनाम करने की धमकी
पीड़ित के अनुसार, 14 जून को मुलाकात के दौरान दोनों युवतियों ने सिगरेट पीने का आग्रह किया। इसके बाद उसे और उसके साथी को चक्कर आने लगे। आरोप है कि इसी दौरान उनकी फोटो और वीडियो बना लिए गए। अगले दिन युवतियों ने फोन कर गलत हरकत का आरोप लगाया और मामला दबाने के बदले रुपये की मांग की। साथ ही पैसे नहीं देने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने और परिवार व कार्यालय में बदनाम करने की धमकी दी।
25 हजार लेने के बाद भी करती रहीं पैसों की मांग
शिकायत में कहा गया है कि लगातार मिल रही धमकियों से डरकर 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास पीड़ित ने अपने मित्र के साथ दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नकद दिए। इसके बावजूद दोनों लगातार और रुपये मांगती रहीं। आरोप है कि एक जुलाई को उन्होंने कार में रखे नकदी से भरे बैग पर हाथ साफ करने की कोशिश की।




