Uncategorized

दंतेवाड़ा में NMDC अधिकारियों पर भड़के विधायक अटामी का वीडियो वायरल, बोले- ‘मेरा गुस्सा महेंद्र कर्मा ने देखा था’

दंतेवाड़ा जिले के बचेली में NMDC द्वारा सार्वजनिक रास्तों पर गेट निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच भाजपा विधायक चैतराम अटामी ने NMDC अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। विधायक अटामी खुद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के समर्थन में अधिकारियों पर जमकर बरसे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस क्षेत्र का विधायक मैं हूं और मेरी इजाजत के बगैर यहां का एक पत्ता तक नहीं हिलेगा।

विधायक अटामी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, “मेरा गुस्सा तुमने नहीं देखा है, मेरा गुस्सा तो महेंद्र कर्मा ने देखा था, जो आज इस दुनिया में नहीं हैं। मुझे कानून मत सिखाओ। ” उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे फोर्स लगाकर स्थानीय लोगों को धमकाने की कोशिश न करें। अटामी ने सवाल उठाया कि क्या फोर्स का इस्तेमाल अधिकारियों के गलत फैसलों को लागू करवाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि बिना जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए इस तरह का निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

चैतराम अटामी ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि आज ही यहां से गेट हटाया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो गेट हटाने के लिए पूरी जनता सड़क पर उतरेगी। उन्होंने इस मामले में अधिकारियों को सभी पक्षों को विश्वास में लेने की सलाह दी। विधायक ने कहा कि एक बैठक बुलाकर स्थानीय लोगों की सहमति ली जानी चाहिए और जनहित से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद ही आगे का काम शुरू किया जाना चाहिए।

विधायक अटामी ने गेट निर्माण से होने वाली परेशानियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गेट लगने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी होगी। किसी को अस्पताल जाना हो या दूसरे जरूरी काम से निकलना हो तो उसे दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सवाल किया कि अगर गेट लगाने के बाद अधिकारियों की मर्जी से कभी भी रास्ता बंद कर दिया जाएगा, तो ऐसे निर्माण का क्या औचित्य है?

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विधायक ने अधिकारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर रास्तों पर सुरक्षा की चिंता है तो हर चौक पर CCTV कैमरे लगवाए जाएं और गार्ड नियुक्त किए जाएं। स्थानीय लोगों को शक की नजर से देखना ठीक नहीं है। उन्होंने बाजार में सब्जी खरीदने आने वाले ग्रामीणों से आधार कार्ड मांगने को भी अनुचित बताया और पूछा कि क्या गांव का हर व्यक्ति बाजार में खरीदारी करने के लिए आधार कार्ड लेकर आएगा। उन्होंने अधिकारियों से स्थानीय लोगों की परेशानियों को समझने और उनके साथ संवाद करने की बात कही।

विधायक अटामी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि कानून और नियम सभी के लिए समान हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना बैठक, सहमति और जरूरी एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के निर्माण कार्य करना उचित नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा कि वे इस मामले में जहां तक बात करना चाहें, वे चर्चा के लिए तैयार हैं और अधिकारियों को अपना संदेश संबंधित लोगों तक पहुंचा देना चाहिए।

दरअसल, दंतेवाड़ा जिले के बचेली में NMDC की ओर से कुछ रास्तों पर गेट लगाए जा रहे हैं। इस निर्माण को लेकर नगर पालिका और स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। नगर पालिका का कहना है कि बिना एनओसी और जरूरी प्रक्रिया पूरी किए गेट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। स्थानीय लोगों और नगर पालिका की मुख्य आपत्ति यह है कि NMDC ने इस संबंध में उनसे जरूरी बातचीत नहीं की और न ही उनकी सहमति ली। इसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से NMDC प्रबंधन, नगर पालिका और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक चैतराम अटामी खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समर्थन में NMDC अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान विधायक द्वारा अधिकारियों को दी गई उनकी चेतावनी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस संबंध में NMDC प्रबंधन से बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका। मीडिया बयान देने वाले अधिकारी विनय रेड्डी ने बताया कि सभी अधिकारी फिलहाल मीटिंग में व्यस्त हैं और प्रबंधन की ओर से इस मामले में अपना पक्ष रखने से मना कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!