छत्तीसगढ़

रायपुर में ब्लू वाटर में दोस्तों से तैराकी की शर्त लगाकर कूदा युवक गहरे पानी में डूबा, सुबह होगी तलाश, अब तक 10 लोगों की हो चुकी है मौत


रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम एक युवक दोस्तों के साथ तैराकी की शर्त लगाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया।

Publish Date: Wed, 19 Aug 2026 08:58:41 PM (IST)Updated Date: Wed, 19 Aug 2026 09:04:35 PM (IST)

रायपुर में ब्लू वाटर में दोस्तों से तैराकी की शर्त लगाकर कूदा युवक गहरे पानी में डूबा, सुबह होगी तलाश, अब तक 10 लोगों की हो चुकी है मौत
प्रतीकात्मक फोटो एआई से बनाई गई है।

HighLights

  1. दोस्तों के साथ नकटी स्थित ब्लू वाटर घूमने गया था
  2. रात में रेस्क्यू करना मुश्किल, सुबह टीम करेगी तलाश
  3. लगातार जानलेवा साबित हो रहा ब्लू वाटर

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम एक युवक दोस्तों के साथ तैराकी की शर्त लगाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। युवक की पहचान मौदहापारा निवासी आदिल खान (24), पिता नासिर खान के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही माना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रात होने और पानी काफी गहरा होने के कारण एसडीआरएफ की टीम ने अंधेरे में तलाश करना जोखिमपूर्ण बताया। अब गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे से युवक की तलाश शुरू की जाएगी।

दोस्तों के साथ नकटी स्थित ब्लू वाटर घूमने गया था

पुलिस के अनुसार, आदिल अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी स्थित ब्लू वाटर घूमने गया था। शाम करीब सात बजे चारों दोस्त पानी के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने को लेकर शर्त लगाने लगे। इसी दौरान आदिल और उसका एक दोस्त पानी में तैरने के लिए कूद गए।

दोस्त किसी तरह बाहर निकल गया, लेकिन आदिल गहरे पानी में चला गया और डूब गया। इसके बाद साथियों ने उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

रात में रेस्क्यू करना मुश्किल

घटना की जानकारी मिलने पर माना थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद एसडीआरएफ से संपर्क किया। टीम ने मौके की स्थिति देखने के बाद बताया कि ब्लू वाटर में पानी काफी गहरा है और रात के अंधेरे में सर्च ऑपरेशन चलाना सुरक्षित नहीं होगा। इसलिए सुबह उजाला होने पर करीब 5:30 बजे से अभियान शुरू करने की तैयारी है।

लगातार जानलेवा साबित हो रहा ब्लू वाटर

नकटी का ब्लू वाटर क्षेत्र पहले भी डूबने की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। यहां गहरे पानी और जोखिमपूर्ण स्थानों पर जाने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आदिल के डूबने की घटना को मिलाकर अब तक करीब 10 लोगों की जान जा चुकी है।

इसके बावजूद लोग दोस्तों के साथ घूमने और मौज-मस्ती के दौरान पानी में उतर जाते हैं। प्रशासन की ओर से ऐसे खतरनाक स्थानों पर जाने से बचने की अपील की जाती रही है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!