Uncategorized

रायगढ़ पुलिस की समीक्षा बैठक: अपराध निकाल, सड़क सुरक्षा और साइबर जागृति पर एसएसपी के निर्देश

रायगढ़ पुलिस की एक समीक्षा बैठक में अपराध निकाल, सड़क सुरक्षा, अवैध शराब, किराएदारों की जांच और साइबर जागरूकता सहित कई मुद्दों पर निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि प्रत्येक माह अपराध निकाल के लिए विशेष अभियान चलाया जाता है। अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि संतोषजनक कार्यवाही नहीं करने वाले थाना प्रभारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में तीन माह से अधिक पुराने मर्ग प्रकरणों की भी समीक्षा की गई तथा लंबित मर्ग मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर एसएसपी ने ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए। यातायात पुलिस एवं संबंधित थाना पुलिस की टीमों को ऐसे स्थानों पर लगातार मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने कहा गया।

बैठक में आबकारी एक्ट के प्रकरणों में आई कमी पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने निर्देशित किया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के विरुद्ध अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अवैध कबाड़ तथा जुआ-सट्टा संबंधी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अप्रवासी नागरिकों की जांच एवं सत्यापन को लेकर भी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रत्येक सप्ताह किराएदारों की जांच, होटलों की नियमित जांच तथा “समाधान ऐप” में किराएदारों एवं होटल में ठहरने वाले व्यक्तियों की अनिवार्य एंट्री सुनिश्चित करने कहा गया।

प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” की भी बैठक में समीक्षा की गई। एसएसपी ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में साइबर जागरूकता को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है और रायगढ़ पुलिस को इसमें पीछे नहीं रहना है। उन्होंने लगातार साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, विद्यार्थियों एवं विभिन्न वर्गों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने “साइबर जागृति अभियान” के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित “लघु फिल्म प्रतियोगिता” का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले फिल्म निर्माताओं, क्रिएटर्स एवं प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने कहा।

बैठक में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की प्रशिक्षण प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएसपी सुशांतो बनर्जी द्वारा प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की पृथक बैठक लेकर प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी, एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, राहुल उईके, शिखर मरावी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!