प्रेम प्रसंग बना खूनी संघर्ष: युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
जशपुर | पत्थलगांव थाना क्षेत्र के जामजुनवानी गांव में सनसनीखेज वारदात

जशपुर / जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामजुनवानी में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुशील खलखो (34 वर्ष) निवासी जामजुनवानी खारपारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक का गांव की एक विवाहित महिला के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। महिला का पति इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। जानकारी के मुताबिक महिला कई बार अपने पति का घर छोड़कर मृतक के साथ रहने चली गई थी, जिससे दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव बना हुआ था।

ग्रामीणों के अनुसार इस मामले को लेकर पहले भी गांव में सामाजिक बैठक आयोजित की गई थी, जहां दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ। वहीं पूर्व में आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी सरिता एक्का ने मृतक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया था, जिसके बाद मृतक जेल भी गया था।
बताया जा रहा है कि जेल से छूटने के बाद बीती रात करीब 11 बजे सुशील खलखो अपने घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी जयलाल एक्का, जसमन एक्का और एक नाबालिग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उसके सिर पर भारी पत्थर पटक दिया गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद युवक का शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पूछताछ, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और ग्रामीणों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए जयलाल एक्का (34 वर्ष), जसमन एक्का (38 वर्ष) और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की वारदात हुई है और मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं आरोपी जयलाल एक्का ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि उसकी पत्नी और मृतक के बीच लंबे समय से संबंध थे। कई बार समझाने के बावजूद स्थिति नहीं सुधरने पर वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



