जिला जनसंपर्क अधिकारी नूतन सिदार ने बेटे के जन्मदिन पर समर्थ आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र में कराया न्योता भोजन, बच्चों को दिए खेल व अध्ययन सामग्री के उपहार।

जशपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘न्योता भोजन’ योजना के तहत जशपुर स्थित समर्थ आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र में एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। जिला जनसंपर्क अधिकारी नूतन सिदार ने अपने पुत्र प्रखर कुमार के जन्मदिन के अवसर पर दिव्यांग बच्चों के बीच न्योता भोजन का आयोजन कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया गया। इसके साथ ही उनके उत्साहवर्धन और शैक्षणिक विकास को ध्यान में रखते हुए खेल सामग्री, कॉपी, पेन, कंपास बॉक्स तथा अन्य उपयोगी उपहार सामग्री भी वितरित की गई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने पूरे उत्साह के साथ न्योता भोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक धर्मेन्द्र कुमार साहू, वरिष्ठ प्रबंधक श्रवण कुमार भगत, सहायक अधीक्षक वेद प्रकाश कुलदीप सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि ‘न्योता भोजन’ योजना सामुदायिक सहभागिता पर आधारित एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, राष्ट्रीय पर्व अथवा अन्य विशेष अवसरों पर स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था कर उन्हें खुशियां बांट सकता है। यह योजना समाज में सेवा, संवेदनशीलता और सहभागिता की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बन रही है।




