Uncategorized

ऑपरेशन क्लीन हंट: 300 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड शुभम यादव गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस ने ₹10.17 लाख की संपत्ति भी की जब्त

गोविंद अग्रवाल 

रायगढ़, । रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 300 किलो गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले के मुख्य मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले माह 1.86 करोड़ रुपये की गांजा खेप पकड़े जाने के बाद से फरार चल रहा था। साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, 05 जून 2026 को “ऑपरेशन आघात” के दौरान उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की गई थी। इस कार्रवाई में करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा, दो चारपहिया वाहन और अन्य सामान सहित कुल 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान शुभम यादव को पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के जरिए आरोपी की तलाश की। 08 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी KIA कार से रायगढ़ क्षेत्र में है। पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित कुंजारा के पास घेराबंदी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी शुभम यादव (29 वर्ष), निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के कब्जे से KIA कार, मोबाइल फोन, घड़ी, तीन एटीएम कार्ड, नकद राशि और अन्य दस्तावेज सहित कुल ₹10.17 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। साथ ही गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लाभार्थियों के संबंध में पूछताछ जारी है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस केवल गांजा जब्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क, वित्तीय लाभार्थियों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!