शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

गोविंद अग्रवाल
रायगढ़, । रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर युवती के साथ कथित शारीरिक शोषण करने के आरोपी को शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय युवती ने थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई कि अक्टूबर 2025 में उसकी पहचान शेखर बघेल से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जिसके बाद आरोपी ने प्रेम और शादी का भरोसा देकर उसे अपने साथ रखने का वादा किया।
शिकायत के मुताबिक, 22 दिसंबर 2025 को आरोपी युवती को अपने गेरवानी स्थित घर ले गया, जहां पत्नी बनाकर रखने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार उसे पत्नी की तरह अपने साथ रखता रहा। जब उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की और उसे उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर बघेल (20 वर्ष), निवासी ग्राम गोर्रा, थाना कोतरारोड़, हाल मुकाम गेरवानी, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “अभियान संवेदना” के तहत महिलाओं से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ त्वरित कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।



