छत्तीसगढ़

कार की टक्कर से तीन युवक गंभीर, सड़क की बनावट पर उठ रहे सवाल


नईदुनिया प्रतिनिधि रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ग्राम पंचायत खम्हार चौक के पास एक तेज गति से आ रही कार ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ग्राम बिहामाटी के रहने वाले तीन युवक बाइक से खम्हार चौक पहुंचे थे। वे सड़क पार कर चौक के पास स्थित एक होटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज गति से आ रही कार बाइक को टक्कर मारते हुए आगे निकल जाती है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर क्षेत्र में बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस मार्ग पर लगातार तेज गति से वाहन दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्षेत्र में पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा

धरमजयगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार का यह पहला मामला नहीं है। पिछले वर्ष नवंबर में चाल्हा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई थी। उस दुर्घटना में रामपुर निवासी ललिता मिंज, मैनपाट निवासी अमित किंडो और फकीरचंद पटेल की मौके पर ही जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद अब स्थानीय लोग इस मार्ग पर प्रभावी यातायात नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।

गांव की सड़क सीधे मुख्य मार्ग से जुड़ी, इसलिए बढ़ रहा हादसों का खतरा

खम्हार चौक पर दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजह सड़क की बनावट को माना जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की संपर्क सड़क बिना किसी सर्विस लेन, कट पाइंट या स्पीड कंट्रोल व्यवस्था के सीधे मुख्य मार्ग से जुड़ती है। ऐसे में गांव से निकलने वाले दोपहिया और अन्य छोटे वाहन मुख्य सड़क पर आते समय तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आ जाते हैं।

मुख्य मार्ग पर वाहनों की रफ्तार अधिक रहने से चालकों को अचानक सामने आने वाले वाहनों पर नियंत्रण का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने यहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, ब्लिंकर लाइट और सुरक्षित जंक्शन विकसित करने की मांग की है, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!