छत्तीसगढ़ में कमजोर पड़ा मानसून, आज से उमस बढ़ाएगी परेशानी, इधर जुलाई में रायपुर में हुई बंपर बारिश

रायपुर में जुलाई माह के दौरान हुई झमाझम बारिश ने पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। राजधानी में सामान्य से छब्बीस प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। हालां…और पढ़ें

HighLights
- रायपुर समेत कई जिलों में जुलाई में हुई बंपर बारिश
- कई जिलों में पिछले महीने मानसून रहा अति सक्रिय
- छत्तीसगढ़ में कमजोर पड़ने लगी मानसूनी बारिश रफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और आसपास के जिलों में सावन का महीना इस बार झमाझम सौगात लेकर आया है। जुलाई माह में हुई लगातार और भारी वर्षा ने राजधानी में नया रिकार्ड बना दिया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से 31 जुलाई तक रायपुर में 625 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि की सामान्य वर्षा 494.9 मिमी है। इसका मतलब है कि राजधानी में सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
जुलाई के अंतिम दिनों में पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे अवदाब के प्रभाव से रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश हुई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव और यातायात भी प्रभावित रहा।
कहीं ज्यादा तो कहीं कम हुई बारिश
प्रदेश के जिलावार वर्षा वितरण पर नजर डालें तो मानसूनी मेहरबानी असमान रही है। नारायणपुर में सामान्य से 65 प्रतिशत अधिक वर्षा के साथ सर्वाधिक 979.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 70 प्रतिशत, जांजगीर-चांपा में 42 प्रतिशत, महासमुंद में 41 प्रतिशत और गरियाबंद में 35 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।
सरगुजा, जशपुर में कम हुई बारिश
सरगुजा में 51 प्रतिशत, जशपुर में 46 प्रतिशत और बेमेतरा में 38 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई, जो चिंता का विषय रही। हालांकि, पूरे प्रदेश की कुल औसत मौसमी वर्षा 560.5 मिमी रही, जो सामान्य 569 मिमी की तुलना में केवल एक प्रतिशत कम है, यानी कुल स्थिति सामान्य बनी हुई है।
कमजोर हो रही वर्षा की गतिविधियां
पश्चिम विदर्भ और दक्षिणी मध्य प्रदेश के ऊपर बने अवदाब तंत्र तथा मानसून द्रोणिका की स्थिति में बदलाव के कारण प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अब बारिश की तीव्रता में कमी आएगी।
एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश
अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने और एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर और दुर्ग संभाग में सबसे ज्यादा बादल बरसे, जिसमें बीजापुर में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
रायपुर में सताएगी चिपचिपी गर्मी
आगामी दिनों में रायपुर में आंशिक रूप से बादलों का डेरा रहेगा और छिटपुट गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। दिनभर बादल छाए रहने और नमी अधिक होने के कारण लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।




