छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश जारी, अक्टूबर के पहले सप्ताह में मानसून की विदाई की संभावना

उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा दबाव कमजोर हो रहा है। इसके असर से दक्षिण छत्तीसगढ़ समेत प्रदेश में बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है।

गुरुवार को रायपुर में करीब 12 मिमी और जगदलपुर में 75 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में कोंटा में सर्वाधिक 80 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इस अवधि में तोंगपाल और छिंदगढ़ में 70-70 मिमी, बास्तानार व बिहारपुर में 60-60 मिमी तथा बड़े बचेली, दोरनापाल और सुकमा में 50-50 मिमी बारिश दर्ज की गई। गरियाबंद, गादीरास और दरभा में 40-40 मिमी पानी गिरा।

इस बीच, छत्तीसगढ़ से अक्टूबर के पहले सप्ताह में मानसून की विदाई हो सकती है। देश में मानसून की वापसी 19 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान से शुरू हुई। 23 सितंबर तक दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों से मानसून लौट चुका है।

छत्तीसगढ़ में अभी बारिश जारी है, इसलिए वापसी की स्थिति नहीं बनी है। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 7 अक्टूबर के बीच मध्य भारत और आसपास के पूर्वी हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। इसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है।

यह जानकारी एमएल साहू, पूर्व निदेशक, लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!