बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के नारे पर सवाल! धरमजयगढ़ के सरकारी स्कूल में छात्राओं से कराया जा रहा काम, वीडियो सामने आया

मन्नू महंत /धरमजयगढ़/ केंद्र और राज्य सरकार जहां “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का संदेश देकर बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने का दावा कर रही हैं, वहीं रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बंधनपुर से सामने आया एक वीडियो इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।
आरोप है कि स्कूल में पढ़ाई के समय छात्राओं से स्कूल का काम कराया जा रहा था। वायरल वीडियो में एक महिला शिक्षिका छात्राओं को बाल्टी लेकर बोरवेल से पानी लाने भेजती हुई दिखाई देती हैं। कैमरा चालू होते ही छात्राओं को बाल्टी छोड़कर अंदर जाने के निर्देश दिए जाते हैं, जिससे पूरे मामले पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले में जब स्कूल के प्रधान पाठक से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कैमरे के सामने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और वहां से चले गए। वहीं, संकुल समन्वयक सुरेंद्र डंगसेना ने कहा कि बच्चों से नियमित रूप से काम नहीं कराया जाता, लेकिन कभी-कभी थोड़ा-बहुत सहयोग लिया जाता है। हालांकि, यदि स्कूल में छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से गैर-शैक्षणिक कार्य कराए जा रहे हैं, तो यह बच्चों की पढ़ाई और उनके अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।




