छत्तीसगढ़

अब चेहरे से होगी e-KYC, वृद्ध, असहाय और बीमार राशनकार्ड धारकों को बड़ी राहत… घर बैठे मिलेगी सुविधा


नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत पात्र सभी राशनकार्ड धारकों (Ration Card) और उनके परिवार के सदस्यों के लिए आधार आधारित e-KYC (इलेक्ट्रानिक पहचान सत्यापन) अनिवार्य किया गया है। इस प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को देखते हुए अब वृद्ध, असहाय एवं अस्वस्थ हितग्राहियों के लिए घर बैठे चेहरा आधारित सत्यापन की सुविधा शुरू कर दी गई है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार 70 वर्ष से अधिक आयु के कई हितग्राहियों के अंगुलियों के निशान स्पष्ट न होने के कारण मशीन में पहचान मिलान नहीं हो पा रहा था। इससे उन्हें राशन प्राप्त करने में परेशानी हो रही थी। शासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अब चेहरे की पहचान के माध्यम से ई-केवाईसी की व्यवस्था लागू की है।

यह है नई व्यवस्था

अब हितग्राही ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल अनुप्रयोग के जरिये घर बैठे ही अपना चेहरा स्कैन कर पहचान सत्यापन कर सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी है, जो दुकान तक पहुंचने में असमर्थ हैं या जिनका अंगुली आधारित सत्यापन बार-बार असफल हो रहा है।

घर बैठे ई-केवाईसी करने की प्रक्रिया

– अपने मोबाइल में प्ले स्टोर से मेरा ई-केवाईसी व आधार फेस आरडी अनुप्रयोग डाउनलोड करें।

– अनुप्रयोग खोलकर आधार नंबर और मांगी गई आवश्यक जानकारी भरें।

– आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए पासवर्ड (OTP) को दर्ज करें।

– इसके बाद फेस e-KYC विकल्प चुनें। मोबाइल का कैमरा खुलेगा।

– स्क्रीन पर दिए निर्देशों के अनुसार चेहरा दिखाएं, पहचान सत्यापन पूर्ण हो जाएगा।

पहले से e-KYC हुआ है या नहीं, ऐसे जांचें

हितग्राही अनुप्रयोग में आधार नंबर और OTP दर्ज कर यह भी देख सकते हैं कि उनका ई-केवाईसी पहले से हुआ है या नहीं। यदि प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तो स्थिति में Y अंकित दिखाई देगा।

ऑफलाइन सुविधा भी जारी

यदि किसी कारण से मोबाइल एप काम न करे तो हितग्राही अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर जाकर मशीन में अंगुली या अंगूठे के निशान देकर बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करवा सकते हैं।

-भूपेंद्र मिश्रा, नियंत्रक खाद एवं नागरिक आपूर्ति विभाग रायपुर



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!