राजनीति

युवा कांग्रेस चुनाव में भिलाई के सरकारी ITI में फर्जी वोटिंग का आरोप, प्रत्याशी अर्जुन शर्मा ने खुर्सीपार थाने में दर्ज कराई शिकायत

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में दुर्ग-भिलाई लगातार विवादों के केंद्र में बना हुआ है। चुनावी प्रचार के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की के बाद अब कथित फर्जी वोटिंग का मामला सामने आया है। भिलाई के सरकारी ITI में फर्जी वोटर आईडी बनाकर ऑनलाइन वोट डलवाने का आरोप लगाया गया है। इसे लेकर प्रत्याशी ने पुलिस में शिकायत की है। वहीं, विवाद को लेकर भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कांग्रेस पर कटाक्ष किया है। इससे पहले भी भाजपा युवा कांग्रेस चुनाव में सामने आए कथित फर्जी मतदान और संगठनात्मक विवादों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठा चुकी है।

मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है। फर्जी वोटर आईडी से वोटिंग का आरोप चुनाव के अंतिम चरण में खुर्सीपार से कथित फर्जी वोटिंग का मामला सामने आया है। भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अर्जुन शर्मा ने खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी वोटर आईडी तैयार कर ऑनलाइन वोट डलवाए जा रहे हैं। शिकायत में सेक्टर-10 निवासी अनिल सिंह और उनके साथियों पर वोट मैनेज कराने का आरोप लगाया गया है।

वर्चुअल नंबर और OTP से फर्जी वोटिंग की शिकायत मामले से जुड़े वायरल वीडियो में खुर्सीपार स्थित सरकारी आईटीआई में युवाओं से ऑनलाइन वोटिंग कराए जाने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा पूरे यूथ कांग्रेस चुनाव में फर्जी पहचान के लिए वर्चुअल नंबर और OTP के जरिए फर्जी वोटिंग की शिकायत भी की गई है। कुछ शिकायतों में फोटो के आधार पर AI से वीडियो तैयार कर चुनावी ऐप पर अपलोड करने का दावा किया गया है। वहीं, दुर्ग ग्रामीण में भी फर्जी वोटिंग कराए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में फर्जी वोट डलवाए जाने की बात कही जा रही है।

खुर्सीपार में पहले हुआ था समर्थकों में विवाद सितंबर की शुरुआत में भिलाई के खुर्सीपार में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रोबिन सिंह के प्रचार के लिए कांग्रेस पार्षद सुभद्रा सिंह और उनके बेटे रोहन सिंह पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के प्रत्याशी अर्जुन शर्मा के भाई शुभम शर्मा से उनका विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया था। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।

नेहरू नगर में डिलीवरी बॉय से मारपीट का मामला चुनाव के दौरान नेहरू नगर में पिज्जा डिलीवरी बॉय से मारपीट का मामला सामने आया था। चुनाव के बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों पर डिलीवरी बॉय से मारपीट करने का आरोप लगाया गया। शिकायत में दुर्ग ग्रामीण जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमन सिंह समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए थे। सुपेला थाने में शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है।

29 सितंबर को वोटिंग खत्म, अब स्क्रूटनी युवा कांग्रेस की ऑनलाइन वोटिंग 29 सितंबर को समाप्त हो गई। प्रदेशभर में चुनाव प्रक्रिया के दौरान फर्जी वोटिंग, वोट मैनेजमेंट और पहचान संबंधी गड़बड़ी के आरोप सामने आते रहे हैं। चुनाव से जुड़े कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, शिकायतों और तकनीकी दिक्कतों की जांच की जाएगी। स्क्रूटनी के दौरान फर्जी पाए जाने वाले वोटों को निरस्त किया जा सकता है। बिलासपुर समेत अन्य जिलों से भी अंतिम दिनों में वोटिंग और कथित फर्जी मतदान को लेकर शिकायतें सामने आई हैं।

भाजपा ने सोशल मीडिया पर साधा निशाना दुर्ग-भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव के दौरान सामने आ रहे विवादों को लेकर भाजपा ने भी सोशल मीडिया पर कटाक्ष किया है। ताजा घटनाक्रम को लेकर भाजपा ने पोस्ट शेयर कर कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने युवा कांग्रेस चुनाव में कथित फर्जी मतदान, मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट मैनेजमेंट के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!