सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया से तीन की मौत, कई मरीज अस्पताल में भर्ती

नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र के कई गांवों में पीलिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। बीमारी से तीन लोगों की इलाज के दौरान रायपुर में मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य लोगों की भी मौत की चर्चा है, हालांकि उनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कई मरीज अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में उपचाररत हैं। स्वास्थ्य विभाग यह जानकारी जुटा रहा है कि ये मौतें कब हुई और लोग कब से पीलिया से ग्रसित होना शुरू हुए थे।
जानकारी के अनुसार पीलिया से जितेंद्र यादव पिता कमुंदर यादव (32)निवासी ग्राम कुनिया, विकास यादव पिता सत्यप्रकाश यादव(16) निवासी ग्राम बरीमा तथा भगवती यादव पति राधेश्याम यादव (45) निवासी नर्मदापुर की इलाज के दौरान रायपुर में मृत्यु हो गई।
इसके अलावा ग्राम केसरा और बैगवाहा की एक-एक बच्ची की भी पीलिया से मौत होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वर्तमान में सुभाष यादव और उदयभान यादव का अंबिकापुर में उपचार चल रहा है, जबकि दीपक यादव का इलाज रायपुर में कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ग्राम सपनादर में भी पांच से छह लोग पीलिया से प्रभावित हैं।अन्य गांवों में भी पीलिया के मरीज होने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को मिली है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पीएस मार्को के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर जांच और सर्वे अभियान चलाया। विभागीय सर्वे में कोई नया मरीज नहीं मिला है।
हालांकि एक बालिका अभी भी पीलिया से पीड़ित बताई जा रही है। यहां से पानी के सैंपल लिए गए हैं। सीएमएचओ ने लोगों से स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, भोजन एवं व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल में जांच कराने की अपील की है।
वर्जन
मैंने आज स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ क्षेत्र का दौरा किया है। तीन मौतों की जानकारी सामने आई है। इनमें से एक व्यक्ति के क्रानिक लीवर की बीमारी से पीड़ित होने की बात सामने आई है। जिन लोगों की मौत हुई है ,उनके गांवों में दूरी भी है। आज सर्वे में कोई नया मरीज नहीं मिला है। हमने हैंडपंप,कुआं जैसे जलस्रोतों का सैंपल लिया है। सिर्फ दूषित पानी से ही पीलिया नहीं होता। दूषित खानपान भी इसका कारण है।
डा पीएस मार्को
सीएमएचओ,सरगुजा




