छत्तीसगढ़

सीजीपीएससी राज्य सेवा परीक्षा-2025 की अंतिम चयन प्रक्रिया स्थगित, 608 अभ्यर्थियों को नई तारीखों का इंतजार

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की अंतिम चयन प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। प्रशासनिक कारणों के चलते साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस स्थगन आदेश से परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की धड़कनें बढ़ गई हैं।

आयोग के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत विभिन्न विभागों के 265 पदों पर अंतिम चयन के लिए 20 सितंबर से एक अक्टूबर तक दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार आयोजित किए जाने थे। मुख्य परीक्षा के परिणामों के आधार पर कुल 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चिन्हित किया गया था।

लेकिन अचानक आए इस स्थगन आदेश के बाद अब इन सभी 608 अभ्यर्थियों को नई तारीखों का इंतजार करना होगा। आयोग ने फिलहाल स्थगन के पीछे केवल ‘अपरिहार्य कारण’ का हवाला दिया है और नई तिथियां बाद में जारी करने की बात कही है।

राज्य सेवा परीक्षा-2025 के जरिए राज्य के 20 विभिन्न विभागों की सेवाओं में कुल 265 पदों पर भर्ती की जानी है। प्रारंभिक परीक्षा के बाद मुख्य परीक्षा का आयोजन छह से नौ जून 2026 तक किया गया था। मुख्य परीक्षा के परिणामों के बाद ही साक्षात्कार के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार की गई थी।

साक्षात्कार प्रक्रिया से पहले ही 608 अभ्यर्थियों के चयन का यह मामला सुर्खियों में आ चुका था। कांग्रेस पार्टी और अभ्यर्थियों के एक वर्ग ने नियमों को लेकर सवाल उठाए थे। उनका तर्क था कि विज्ञापित 265 पदों के तीन गुना यानी लगभग 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना चाहिए था।

हालांकि, इस पर आयोग ने स्पष्ट किया था कि प्रत्येक प्रश्न-पत्र में निर्धारित न्यूनतम अर्हकारी अंक प्राप्त न कर पाने के कारण 795 के बजाय केवल 608 अभ्यर्थी ही पात्रता के दायरे में आ सके हैं। बहरहाल, अब सबकी नजरें आयोग के अगले आधिकारिक आदेश और नई तारीखों की घोषणा पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!