शासकीय नौकरी का झांसा देकर 3.78 लाख रुपये की ठगी, टिकरापारा पुलिस ने दर्ज किया मामला
रायपुर में शासकीय नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लोगों से 3.78 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर निवासी टेलर धन्नू राम ध्रुव की शिकायत पर पुलिस ने प्रमोद केशरवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार आरोपित ने खुद को मंत्री और अधिकारियों से अच्छी पहचान वाला बताकर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। उसने एक युवक को कवर्धा के तहसील कार्यालय में करीब चार माह काम भी कराया, लेकिन बाद में उसका वेतन नहीं दिलाया। रकम लेने के बाद आरोपित ने मोबाइल बंद कर दिया और संपर्क से बाहर हो गया।
धन्नू राम ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में प्रमोद केशरवानी उनके घर के पास किराये से रहता था। वह अक्सर अधिकारियों के साथ आने-जाने की बात बताता था। इसी दौरान छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व विभाग में भर्ती की जानकारी देते हुए उसने शासकीय नौकरी लगवाने का दावा किया। धन्नू राम को उसकी बातों पर भरोसा हो गया।
पुलिस ने धन्नू राम ध्रुव की शिकायत के आधार पर प्रमोद केशरवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में तीन लोगों से कुल 3.78 लाख रुपये की ठगी की बात कही गई है।
आरोपित ने नौकरी लगवाने के नाम पर रकम लेने के बाद मोबाइल बंद कर लिया और संपर्क से बाहर हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




