Uncategorized

सक्ती के सरकारी स्कूल में शिक्षक पर बैड टच का आरोप, 5वीं की छात्रा ने लगाई शिकायत; DEO ने कही जांच की बात

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की ग्राम मिरौनी में पदस्थ एक शिक्षक पर बैड टच का आरोप लगा है। चंद्रपुर तहसील के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा 5वीं की छात्रा ने आरोप लगाया है कि शिक्षक कैलाश पटेल कॉपी चेक कराने के समय गंदे तरीके से छूते हैं। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक महिला स्वीपर के साथ बाथरूम में घुसे रहते हैं।

छात्रा का कहना है कि जब वे शिक्षक को पढ़ाने के लिए कहते हैं तो उन्हें डांट दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक ने कई बार गलत तरीके से टच भी किया। हालांकि, आरोप की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों ने कहा है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

बच्ची के परिवार वालों ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से लिखित शिकायत की है। शिकायत में शिक्षक कैलाश पटेल पर आरोप लगाया गया है कि वे स्कूल में बच्चों की पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान नहीं देते और स्कूल टाइम में अक्सर मोबाइल फोन में बिजी रहते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक के इस रवैये से स्कूल की पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिकायत में स्कूल में पदस्थ स्वीपर महिला के साथ शिक्षक के गलत व्यवहार को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। ग्रामीणों ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।

स्कूल में कार्यरत रसोइया चंद्राबाई चौहान ने भी शिक्षक पर बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान न देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिक्षक और स्वीपर महिला के एक साथ बैठे रहने को लेकर बच्चे भी उनसे अपनी बातें बताते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बच्चे शिक्षक से पढ़ाने के लिए कहते हैं तो उन्हें फटकार लगाई जाती है।

ग्रामीणों ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि कैलाश पटेल पहले शासकीय प्राथमिक शाला डोमनपुर में पदस्थ थे। वहां भी उनका रवैया ठीक नहीं था, इसलिए उनका ट्रांसफर किया गया। ग्रामीणों की मांग है कि जांच में अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

सक्ती जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने कहा कि बच्चों से अभद्रता की शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!