रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, जशपुर, बालोद और जांजगीर में 5 की मौत; तेज रफ्तार और लापरवाही ने छीनीं जिंदगियां

नईदुनिया प्रतिनिधि। छत्तीसगढ़ में रक्षाबंधन के त्योहार के दौरान अलग-अलग जिलों से दुखद सड़क हादसों की खबरें सामने आई हैं। जशपुर, बालोद और जांजगीर-चांपा जिलों में हुए सड़क हादसों में एक 11 वर्षीय बालक सहित कुल 5 लोगों की असमय मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घटनाओं ने कई परिवारों की त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।
दो हादसों में 3 की मौत, नशे में धुत अस्पताल कर्मी बर्खास्त
जशपुरनगर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। पहली दुर्घटना आटापाट के पास शाम लगभग साढ़े चार बजे हुई। सरगुजा जिले के सीतापुर निवासी अनिश यादव (17 वर्ष) अपने दोस्त शिवम यादव के घर इचकेला आया हुआ था। दोनों अपने साथी शशिकांत के साथ बाइक से प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल देशदेखा की ओर जा रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पिलर से टकरा गई। हादसे में अनिश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवम यादव को अंबिकापुर रेफर किया गया है।
दूसरी घटना कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोड़काचैरा में रात लगभग साढ़े 8 बजे हुई। कदमटोली निवासी निलेश तेंदुआ (22 वर्ष) अपनी बाइक से जा रहा था, तभी उसकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे से टकरा गई। सिर पर गंभीर चोट आने के कारण निलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसों के बाद जिला चिकित्सालय में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात वार्ड बॉय पर नशे की हालत में घायलों की मरहम-पट्टी करने का आरोप लगा और जमकर हंगामा हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीएमएचओ डॉ. जीएस जात्रा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वार्ड बॉय को बर्खास्त कर दिया है।
बहन से राखी बंधवाकर पैदल लौट रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने कुचला
बालोद जिले के करहीभदर-निपानी मार्ग पर रक्षाबंधन की रात एक और दुखद हादसा हुआ। ग्राम लिमोरा निवासी ननकी राम विश्वकर्मा शुक्रवार शाम अपनी बहन लीना के घर करहीभदर राखी बंधवाने गए थे। वापस लौटने के लिए कोई वाहन न मिलने पर वे पैदल ही अपने गांव की ओर लौटने लगे।
इसी दौरान मुजगहन भाठा के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- CGBSE 10th-12th Result: री-चेकिंग के बाद बड़ा उलटफेर, 10वीं में अब चार टॉपर, 12वीं के टॉप-10 में 13 नए छात्रों की एंट्री
रक्षाबंधन के दूसरे दिन हादसे में छह बहनों के इकलौते भाई की मौत
जांजगीर-चांपा जिले के मुरलीडीह में रक्षाबंधन के दूसरे दिन हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। रोगदा निवासी रघुनंदन केवट अपनी पत्नी शांति केवट और 11 वर्षीय बेटे शंकर केवट के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मुरलीडीह के पास कार (क्रमांक CG 10 BQ 8982) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में छह बहनों के इकलौते भाई शंकर केवट की मौत हो गई, जबकि उसकी मां शांति केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं। मां को उपचार के लिए अकलतरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक दिन पहले ही छह बहनों ने जिस भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा था, उसकी मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।




