रेलवे पटरी के पास से पुलिस ने युवक को आत्महत्या करने से बचाया, परिजनों को सौंपा


रायगढ़ जिले के खरसिया चौकी क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक रेलवे पटरी के पास आत्महत्या करने के लिए पहुंचा, जहां उसने जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए वीडियो बनाया। इसकी जानकारी पुलिस को मिलने पर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को रेलवे पटरी के पास से बचा लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को खरसिया क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास एक युवक द्वारा अपनी जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए वीडियो बनाया गया। जिसकी सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही खरसिया चौकी पुलिस ने तत्काल साइबर थाना से तकनीकी सहायता लेकर युवक की तलाश शुरू कराई।
इस दौरान युवक के रेलवे पटरी की ओर होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने युवक की संभावित लोकेशन व आवागमन के रास्तों पर नजर रखते हुए उसकी तलाश की जा रही थी। तब पुलिस टीम को युवक रेलवे पटरी के आसपास दिखाई दिया।
पुलिस को अपनी ओर आते देखकर युवक वहां से निकलने का प्रयास करते हुए टाउन हॉल की ओर से रायगढ़ चौक की तरफ जाने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा कर उसे रोक लिया।
पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम गोकुल निषाद निवासी बोकरामुड़ा बताया। युवक द्वारा बनाए गए वीडियो में वह कह रहा है कि पारिवारिक कारणों से वह सुसाइड करने पहुंचा है। उसने अपनी बाइक को स्टेशन के पास खड़ी कर रेलवे पटरी पर सुसाइड करने आया था और उससे पहले उसने वीडियो बनाया।
पुलिस टीम ने युवक से बातचीत कर उसकी स्थिति को समझा और समझाइश दी। जिसके बाद पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव, आरक्षक साविल चंद्रा व साइबर थाना के आरक्षक रविंद्र गुप्ता की सतर्कता व क्विक रिस्पॉन्स देखने को मिली।
इस घटना के बाद रायगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जीवन में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, भावनात्मक या तनावपूर्ण स्थिति में स्वयं को नुकसान पहुंचाने जैसा कदम न उठाएं। मुश्किल समय हमेशा एक जैसा नहीं होता है। ऐसी स्थिति में अकेले रहने के बजाय परिवार, मित्र या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से अपनी बात साझा करें। जरूरत महसूस होने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन या संबंधित हेल्पलाइन से तत्काल सहायता लें।



