रायपुर विधानसभा थाना परिसर के वाटर कूलर में दौड़ा करंट… युवक की मौत, बचाने पहुंचा सिपाही भी झुलसा

रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को वाटर कूलर के पास करंट लगने से रमेश ठाकुर की मौत हो गई।

HighLights
- बचाने पहुंचे आरक्षक गणेश भी करंट से घायल
- घायल जवान जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
- सीएसईबी ने विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को करंट लगने से 32 वर्षीय युवक रमेश ठाकुर की मौत हो गई। हादसा थाने के बाहर लगे वाटर कूलर के पास हुआ। युवक को करंट की चपेट में आया देखकर बचाव के लिए पहुंचे पुलिस आरक्षक गणेश भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए और घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाटर कूलर के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बिल्हा, जिला बिलासपुर निवासी रमेश ठाकुर किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास वह करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने के बाद रमेश मौके पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की।
बचाने पहुंचे आरक्षक को भी लगा करंट
रमेश को बचाने के प्रयास के दौरान पुलिस आरक्षक गणेश भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में रमेश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरक्षक गणेश घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद घायल आरक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएसईबी के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और वाटर कूलर सहित विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू की। करंट फैलने की वजह और वाटर कूलर में विद्युत प्रवाह की स्थिति कैसे बनी, इसकी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
हादसे के बाद थाना परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने रमेश ठाकुर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस और विद्युत विभाग की जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।




