रायपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपती को मार-डाला:सोते समय कुल्हाड़ी-हंसिया से किया वार, अपनी मां की मौत का जिम्मेदार मानता था आरोपी

छत्तीसगढ़ के रायपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपती की कुल्हाड़ी और हंसिया से वार कर हत्या कर दी गई। एक साल पहले आरोपी की मां की मौत हो गई थी, इसलिए उसे शक था कि, जादू-टोना कर दंपती ने उसकी जान ली है। यही वजह है कि, आरोपी रात तो छत के रास्ते घर में घुसा और सोते समय पति-पत्नी को मार डाला। वारदात के बाद महिला के सोने-चांदी के जेवर भी लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू (22) को गिरफ्तार कर लिया है। मामला आरंग थाना क्षेत्र के बिरबिरा गांव का है। देखिए तस्वीरें… जानिए क्या है पूरा मामला ? पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को सदाशी साहू (65) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62) खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 11:30 बजे पड़ोसी प्रमोद साहू कुल्हाड़ी और हंसिया लेकर अपने घर की छत से दंपती के घर पहुंच गया। उसने पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू के सिर और गले पर हमला किया। इसके बाद हंसिया से सीने-पेट पर वार किया। हत्या के बाद जेवर लेकर भागा आरोपी पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के शरीर पर पहने चांदी के कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने के जेवर के अलावा घर में रखी अंगूठी, बिछिया और सिक्के लेकर फरार हो गया। उसने खून लगे हथियारों को नाली में धोकर सफेद बोरी में रखा और तामासिवनी रोड किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। 8 अक्टूबर को गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू ने पुलिस को सूचना दी थी कि, घर में घुसकर दंपती की हत्या कर दी है। पुलिस को दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वाड और FSL टीम को बुलाया। दोनों टीमों ने घटना स्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए। 10 एकड़ जमीन पर खेती करते थे किसान दंपती बताया जा रहा है कि, दोनों बुजुर्ग किसान थे और वे अपनी करीब 10 एकड़ जमीन पर खेती करते थे। उनके दो बेटे हैं, जो रायपुर में रहकर काम करते हैं। जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है, वे अपने ससुराल में रहती हैं। हथियार और लूटे गए जेवर बरामद, आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई है। ………………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… रायपुर में घर में पति-पत्नी की सिरकटी लाश मिली: धारदार हथियार से बुजुर्ग दंपती की हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस रायपुर के आरंग इलाके में बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। बीरबीरा गांव में दंपती की सिरकटी लाश मिली है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में दोनों की हत्या किसी धारदार नुकीली वस्तु से किए जाने की आशंका है। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पढ़ें पूरी खबर…



