Uncategorized

रायपुर में प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में बन रहा था नकली पनीर, ओडिशा भेजते समय 650 किलो की खेप जब्त

रायपुर में एक बार फिर प्रतिबंधित नकली पनीर (एनालॉग) बनाने का मामला सामने आया है। बीरगांव में प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में नकली पनीर बनाई जा रही थी। यहां से पनीर तैयार कर 650 किलो की खेप ओडिशा भेजी जा रही थी, जिसे मुखबिर की सूचना पर फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने जोरा मल के पास पकड़ लिया। विभाग ने जब्त पनीर का सैंपल जांच के लिए लैब भेजा है। अधिकारियों के मुताबिक एक-दो दिन के भीतर रिपोर्ट जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बीरगांव में पंछी डोर्स एंड प्लाईवुड फैक्ट्री संचालित है। इसी फैक्ट्री के भीतर अंशु बंसल नामक व्यक्ति द्वारा सांवरिया सेठ मिल्क एंड प्रोडक्ट के नाम से पनीर तैयार किया जा रहा था। मंगलवार शाम करीब 7 बजे इसी फैक्ट्री से तैयार 650 किलो पनीर पिकअप वाहन में भरकर ओडिशा भेजा जा रहा था।

फैक्ट्री से पनीर निकलते ही मुखबिर ने इसकी सूचना फूड एंड सेफ्टी विभाग के अफसरों को दी। इसके बाद विभाग ने आनन-फानन में टीम तैयार की। टीम ने जोरा मॉल के पास पिकअप को रोका। जांच के दौरान पिकअप से पनीर की खेप मिली। टीम ने ड्राइवर से दस्तावेज के बारे में जानकारी मांगी, जो नहीं थी। विभाग अब फैक्ट्री में पनीर निर्माण की प्रक्रिया और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहा है।

राजधानी में फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने नकली पनीर के मामले में पिछले एक महीने में पांच कार्रवाई की है। इनमें तीन मामलों की जांच रिपोर्ट विभाग को मिल चुकी है। दो मामलों में पनीर अमानक पाया गया, जबकि एक मामले में पनीर मानक के अनुरूप मिला है। दो मामलों की जांच रिपोर्ट अभी तक विभाग को नहीं मिली है। जिन मामलों में पनीर अमानक पाया गया, उनमें विभाग प्रकरण तैयार कर कोर्ट में प्रस्तुत करने की तैयारी में है।

छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर को प्रतिबंधित करने की घोषणा 31 जुलाई को राजपत्र में प्रकाशित हुई।

4 अगस्त को रायपुर रेलवे स्टेशन के पास प्रियांशु राय से 100 किलो एनालॉग पनीर जब्त किया गया था। इसे अंबिकापुर भेजने की तैयारी थी। जब्त पनीर की जांच कराई गई, जो अमानक निकली।

5 अगस्त को विभाग ने तिल्दा स्थित डेयरी एक का औचक निरीक्षण किया। यहां तैयार किए जा रहे पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। लैब रिपोर्ट में पनीर अमानक पाया गया।

बीरगांव के ओमिया मार्केट स्थित पंछी डोर्स एंड प्लाईवुड फैक्ट्री के अंदर पनीर बनाया जा रहा था। यहां से 650 किलो पनीर ओडिशा भेजा जा रहा था। जोरा माल के पास पनीर जब्त कर सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है। यह जानकारी विनोद कुमार गुप्ता, खाद्य अधिकारी, रायपुर ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!