पुलिस अभिरक्षा में मेहंदीपारा निवासी की मौत, चांपा थाने का घेराव
जांजगीर जिले के चांपा में पुलिस अभिरक्षा में लिए गए मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस उर्फ गुल्लू की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद आक्राशित स्वजन व मोहल्लेवासियों ने चांपा थाने का घेराव कर दिया।
जानकारी के अनुसार शिव सहिस को महुआ शराब से जुड़े आबकारी मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद स्वजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया। मृतक की पत्नी बच्चों के साथ थाना के बाहर धरने पर बैठ गई।
परिवार ने 50 लाख रुपये मुआवजा, एक सदस्य को नौकरी तथा बच्चों की पढ़ाई और भरण-पोषण की व्यवस्था करने की मांग रखी। साथ ही स्वजनों ने दो पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की।
इधर, थाना चांपा में दर्ज आबकारी एक्ट के मामले में लापरवाही के आरोप में आरक्षक ईश्वरी राठौर को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लापरवाही के आरोप में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को तुरंत निलंबित किया।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई बातचीत के बाद प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच, पत्नी को निजी कंपनी में नौकरी और बच्चों की शिक्षा-भरण पोषण का जिम्मा उठाया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति बनी।
प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रियल जांच के साथ ही मृतक की पत्नी को प्राइवेट कंपनी में नौकरी और बच्चों के भरण पोषण का आश्वासन दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। मृतक का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा।
डा. यूलैण्डन यार्क एएसपी, जांजगीर




