Uncategorized

पत्थलगांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 16,440 रुपये की अंग्रेजी और देसी शराब जब्त, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज।

पत्थलगांव, 30 जून 2026। जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27 लीटर 300 मिलीलीटर अंग्रेजी एवं देसी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 16,440 रुपये है, जब्त की है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG 14 MU 1427) भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार 28 जून की रात करीब 10 बजे थाना पत्थलगांव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राम पालीडीह की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को रोक लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा (54 वर्ष), निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर बताया। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल पर रखी बोरी और झोले से विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी एवं देसी शराब बरामद हुई। जब आरोपी से शराब रखने और परिवहन करने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने कुल 114 नग शराब, जिनमें मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की, सिंबा बीयर, मुडोफ व्हिस्की, गोल्डन गोवा व्हिस्की और देसी प्लेन मदिरा शामिल है, जब्त कर ली। बरामद शराब की कुल मात्रा 27 लीटर 300 मिलीलीटर आंकी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके विरुद्ध थाना पत्थलगांव में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, आरक्षक राजेंद्र रात्रे तथा विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!