पत्थलगांव में हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक, शिक्षा गुणवत्ता और 100% छात्र उपस्थिति पर दिया गया जोर

पत्थलगांव। विकासखंड पत्थलगांव में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के सभी प्राचार्यों की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीईओ, एबीईओ एवं बीआरसी ने विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में सीजीवीएस के माध्यम से सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी (APAAR ID) बनाने, स्कूलों में 100 प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क कर उन्हें नियमित विद्यालय भेजने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने पात्र विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र, पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश, छात्रवृत्ति एवं मध्यान्ह भोजन योजना के प्रभावी संचालन और सतत निगरानी के निर्देश दिए। इसके अलावा ‘यशस्वी जशपुर’ अभियान के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और सभी शिक्षकों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा गया।

बैठक में विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगात्मक कार्य नियमित कराने, स्मार्ट क्लास का सुचारू संचालन, शिक्षक पुरस्कार के लिए अधिक से अधिक पंजीयन, इंस्पायर अवार्ड में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने तथा प्राथमिक विद्यालयों में ‘जश लर्न’ गतिविधियों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी प्राचार्यों को प्रति सप्ताह कम से कम दो विद्यालयों का निरीक्षण करने और शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।


