Uncategorized

पत्नी की हत्या के आरोपी पति को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, कापू पुलिस की त्वरित कार्रवाई

 

रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी वारदात के बाद फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और घटना के समय पहने कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 28 जून की सुबह ग्राम पारेमेर निवासी 43 वर्षीय जीतो बाई मंझवार का शव उसके घर में मिला था। प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पति रामनाथ मंझवार पर हत्या का संदेह हुआ। इसके बाद थाना कापू में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव छोड़कर फरार होने की फिराक में है। थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मामूली घरेलू विवाद के बाद उसने पहले पत्नी से मारपीट की और फिर लकड़ी के डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा और उसके पहने हुए कपड़े जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला संबंधी गंभीर अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से घरेलू विवादों में हिंसा का रास्ता छोड़कर संवाद और संयम अपनाने की अपील करते हुए कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के लिए जेल ही अंतिम परिणाम होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!