प्रयास आवासीय विद्यालय में 2 छात्रों से रैगिंग का आरोप:बारहवीं के छात्रों ने जूनियरों को पीटा, परिजनों को नहीं दी सूचना,दर्ज हुई FIR

![]()
सरगुजा के प्रयास आवासीय विद्यालय में 11 वीं के दो छात्रों के साथ बाहरवीं के छात्रों ने मारपीट कर दी। मारपीट में दो बच्चे बेहोश हो गए और उन्हें चोटें आईं। छात्रों के अभिभावकों ने बच्चों के साथ रैगिंग का आरोप लगा थाने में शिकायत की है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। मामले में पुलिस ने 12वीं के चार छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अजाक आयुक्त ने कहा कि छात्रों के साथ रैगिंग नहीं हुई है। शिक्षक दिवस कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी को लेकर हुए विवाद के दौरान मारपीट हुई है। जानकारी के मुताबिक, प्रयास आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले 11 वीं के दो छात्रों के साथ 3 सितंबर की रात करीब 11.30 से 12 बजे के बीच बारहवीं के छात्रों ने मारपीट की। आरोप है कि 12 वीं के छात्रों ने कड़े से उन्हें मारा। मारपीट में दोनों छात्रों को चोटें आईं। एक छात्र प्रशांत कुमार मार्को बेहोश हो गया था। चार छात्रों के खिलाफ दर्ज हुई FIR छात्रों से मारपीट की जानकारी मिलने पर प्रयास हॉस्टल के वार्डन ने हॉस्पिटल ले जाकर दोनों छात्रों का इलाज कराया। प्रशांत कुमार मार्को ने अपने पिता अजय कुमार मार्को को घटना की सूचना दी। अजय कुमार मार्को शुक्रवार देर शाम अंबिकापुर पहुंचे। परिजनों ने हॉस्टल या स्कूल प्रबंधन द्वारा सूचना तक नहीं दिए जाने पर आपत्ति जताई। अजय कुमार मार्को ने दूसरे छात्र के परिजनों के साथ गांधीनगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। गांधीनगर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि मामले में चार छात्रों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में रैगिंग की बात सामने नहीं आई हैै, बल्कि आपसी विवाद में मारपीट हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट करने वाले छात्र नाबालिग हैं, या बालिग हैं, इसकी तस्दीक की जा रही है। सहायक आयुक्त बोले-रैगिंग नहीं, आपसी विवाद हुआ आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने कहा कि छात्रों के बीच शिक्षक दिवस की तैयारी को लेकर विवाद हुआ था और मारपीट हुई है। इसमें रैगिंग जैसी बात सामने नहीं आई है, बल्कि आपसी विवाद का मामला है। सहायक आयुक्त शुक्ला ने कहा कि घायल दोनों छात्रों का तत्काल इलाज कराया गया। उन्होंने प्रबंधन पर लापरवाही के आरोपों को भी खारिज किया है।
Source link


