Uncategorized

प्रेमिका की मां की टांगी से हत्या, आरोपित झारखंड से गिरफ्तार

जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र के हर्री गांव में एक महिला की टांगी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान धनमनी बाई (55 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना 3 सितंबर की है, जब धनमनी बाई घर में अकेली थीं। आरोपित अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष) ने उन पर टांगी से वार किया और फरार हो गया।

थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि 4 सितंबर को मृतका के पति ने आस्ता थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि वह 3 सितंबर की दोपहर साढ़े 11 बजे खाना खाकर पालतू मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। शाम को जब वह घर लौटे तो उनकी पत्नी धनमनी घर के अंदर जमीन पर गिरी हुई थी और उनके सिर से खून निकल रहा था। पास में ही खून से सना हुआ एक कुल्हाड़ी पड़ा हुआ था।

सूचना पर मौके पर पहुंची आस्ता पुलिस की टीम ने शव को जब्त करते हुए पीएम के बाद अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया। मामले में अज्ञात आरोपित के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 (1) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच में जुटी।

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित अवधेश राम उर्फ गुटका, मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। वह आए दिन मोबाइल पर कॉल करके और मैसेज भेजकर उसे परेशान करता रहता था। मृतका की बेटी ने इसकी शिकायत अपने स्वजनों से की थी।

संदेह के आधार पर जब आस्ता पुलिस पूछताछ के लिए संदेही अवधेश उर्फ गुटका के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोमड़ों स्थित घर पहुंची तो वह नदारत था। पुलिस की टीम संदेही की पतासाजी में जुटी हुई थी। मुखबिर और टेक्निकल टीम के सहयोग से पुलिस को पता चला कि संदेही झारखंड के गुमला जिले के रायडीह में अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है।

पुलिस टीम ने छापा मार कर संदेही को जशपुर ले आई। यहां पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घटना दिनांक से काफी दिन पहले से वह मृतका धनमनी बाई की बेटी से मोबाइल में संपर्क करने का प्रयास कर रहा था। लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर रही थी, जिससे वह परेशान था। आरोपित ने बताया कि 3 सितंबर को वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंचा। इस समय धनमनी घर में अकेली थी।

अवधेश को देखकर धनमनी ने उसे बेटी को परेशान न करने की हिदायत दी। इससे दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपित ने घर में रखे हुए टांगी से मृतका पर वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!