पोड़ी उपरोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: टैंकर ने स्कूटी सवार तीन बच्चों को कुचला, दो सगे भाई-बहन की मौत, एक गंभीर

गोविंद अग्रवाल कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा :- कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा में बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर एक तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन नाबालिग बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे स्कूटी से घर से दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े और टैंकर की चपेट में आ गए। हादसे में बूटी और दसरथ, जो आपस में सगे भाई-बहन थे कोनकोना गोस्वामी मोहल्ले के निवासी थे जिनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। बांगो पुलिस ने तुरंत उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में गोस्वामी मोहल्ले के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और दुर्घटना के विरोध में पोड़ी उपरोड़ा के पास कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चक्का जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर बांगो और कटघोरा पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार विनय देवांगन ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही सहायता राशि का चेक प्रदान किया, SDM मनोज बंजारे इस कार्यवाही मे शामिल रहे, करीब एक घंटे की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात फिर से शुरू हो सका। फिलहाल पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है
।




