Uncategorized

पीएम आवास योजना में कथित गड़बड़ी, जनपद पंचायत सीईओ ने मेट के खिलाफ थाने में दिया आवेदन

पत्थलगांव: प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितता का मामला जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत पालीडीह से सामने आया है। मामले की जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद जनपद पंचायत पत्थलगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने पंचायत मेट रात्रेनंद सिदार के खिलाफ थाने में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अशांति नामक हितग्राही के लिए आवास स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि हितग्राही के नाम से मिलते-जुलते नाम का लाभ उठाकर राशि आरोपी की रिश्तेदार शांति के बैंक खाते में डलवाई गई और उस राशि का उपयोग निजी मकान निर्माण में किया गया। मामले में करीब 1.20 लाख रुपये के कथित गबन का आरोप है।

आरोपी मेट रात्रेनंद सिदार का कहना है कि स्वीकृत हितग्राही गांव में उपलब्ध नहीं थी। उनके अनुसार, हितग्राही के अपात्र होने की स्थिति बनने पर राशि शांति के खाते में डलवाई गई और उसी राशि से अपनी पत्नी के नाम पर मकान का निर्माण कराया गया।

वहीं ग्राम सरपंच कमला सिदार का कहना है कि पंचायत की बैठकों में कई बार राशि वापस जमा करने के लिए कहा गया, लेकिन राशि वापस नहीं की गई। इसके बाद मामले की शिकायत की गई।

जनपद पंचायत के सीईओ कमलकांत श्रीवास ने बताया कि जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद संबंधित मेट के खिलाफ थाने में लिखित आवेदन दिया गया है। अब पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच करेगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!