Uncategorized

पाकरगांव बिजली पोल हादसे पर मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा दुःख, मृतक श्रमिकों के परिजनों को 15-15 लाख सहायता

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

समाचार फोटो

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को हर आवश्यक सहायता तत्परता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए तथा जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने घटना में प्रथम दृष्टया सामने आई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्थलगांव के विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक को निलंबित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि विद्युत संबंधी कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल श्रमिकों के समुचित उपचार की बेहतर से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!