Uncategorized

खेत में विवाद के बाद पति ने पत्नी पर किया हमला, घायल महिला की मौत

गोविंद अग्रवाल/ कोरबा:- जिले के बांगो थाना क्षेत्र के एत्मानगर के ठाड़ पखना गांव में खेत में काम करने के दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से घायल महिला की बाद में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

 

जानकारी के अनुसार ठाड़ पखना निवासी गंगोत्री बाई और पति जगमोहन दोंनो खेत में काम कर रहे थे । इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पति जगमोहन से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पति ने कथित तौर पर पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी पति घायल पत्नी को खेत में ही छोड़कर फरार हो गया। घायल महिला की जानकारी मिलने पर उसके देवर मनमोहन खेत के पास पहुंचे। उन्होंने अपनी भाभी को घायल अवस्था में घर लाया। परिजनों के अनुसार उस समय गंगोत्री बाई की सांसें चल रही थीं। मनमोहन ने बताया कि पानी आदि पिलाने के कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।

 

घटना की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस से एएसआई नरेंद्र डिक्सेना और वैज्ञानिक अधिकारी विश्वजीत कोसरिया मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया है। घटना के बाद से आरोपी पति जगमोहन फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। महिला की मौत मारपीट से लगी चोटों के कारण हुई या अन्य कोई वजह रही, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं, पति-पत्नी के बीच विवाद की वास्तविक वजह भी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!